केरल में 2018 में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद करने के बाद लेफ्टिनेंट कर्नल आर हेमंत राज पहले ही अपने राज्य के लोगों का दिल जीत चुके हैं। बुधवार को एक और जान बचाने के लिए भारतीय सेना के अफसर फिर सामने आएं।

दरअसल केरल के पलक्कड़ में 1000 मीटर ऊंची कुरुम्बा पहाड़ी की खड़ी ढलान पर 48 घंटे तक एक 23 साल का ट्रैकर फंसा हुआ था। उस ट्रैकर का नाम चेराटिल बाबू है।

लेफ्टिनेंट कर्नल राज ने बचाव दल का नेतृत्व किया और चेराटिल की जान बचा ली। जब वो सही सलामत बच गए तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पहाड़ की चोटी पर पहुँचकर लेफ्टिनेंट को चूमा और गले लगा लिया। उनका धन्यवाद किया और उनके टीम की सराहना की। साथ ही चेराटिल ने ये भी कहा कि वह सेना में शामिल होना चाहता है।

चेराटिल बाबू ने 7 फरवरी को अपने तीन दोस्तों के साथ पहाड़ी पर चढ़ना शुरू कर दिया था और लौटते समय फिसलकर दरार में गिर गया।

यह भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना (IAF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), वन अधिकारियों, जिला अधिकारियों और नागरिकों के 75 से अधिक कर्मियों द्वारा किया गया एक संयुक्त प्रयास था जिसकी वजह की उनकी जान बच पाई। उनकी टीम में मद्रास रेजीमेंट सेंटर से नौ सदस्य थे।